BRICS Summit 2026: दिल्ली में कड़ी सुरक्षा, पुतिन पहुंचे; शी जिनपिंग के दौरे पर दुनिया की नजर
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भारत मंडपम में होने वाले इस बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन पर पूरी दुनिया की नजर है। सम्मेलन में व्यापार, ऊर्जा, रक्षा, कनेक्टिविटी और वैश्विक सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार सुबह दिल्ली पहुंच चुके हैं और उनका तीन दिवसीय दौरा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच द्विपक्षीय बैठक भी हो चुकी है। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के बीच भी द्विपक्षीय बातचीत शुरू हो गई है। दोनों नेताओं के बीच मुलाकात के दौरान खास गर्मजोशी देखने को मिली और एक तस्वीर में दोनों हाथ पकड़े नजर आए।
सात साल बाद भारत आएंगे शी जिनपिंग
BRICS Summit 2026 का सबसे बड़ा आकर्षण चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का भारत दौरा माना जा रहा है। वह करीब सात साल बाद भारत आ रहे हैं। ऐसे में भारत-चीन संबंधों के साथ-साथ BRICS देशों के बीच सहयोग को लेकर भी इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सम्मेलन का आयोजन 13 और 14 सितंबर को भारत मंडपम में होगा। अंतरराष्ट्रीय नेताओं की मौजूदगी को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
दिल्ली में 15 हजार पुलिसकर्मी तैनात
BRICS सम्मेलन को लेकर दिल्ली में करीब 15 हजार दिल्ली पुलिसकर्मियों, पैरामिलिट्री की करीब 200 कंपनियों और 500 से अधिक CCTV कैमरों की तैनाती की गई है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार हाई सिक्योरिटी मूवमेंट पर नजर रखेंगी।
पुलिस के अनुसार दिल्ली पूरी तरह बंद नहीं होगी, लेकिन VVIP काफिलों के गुजरने के दौरान कुछ समय के लिए प्रमुख मार्गों पर यातायात रोका जा सकता है। करीब 70 से 80 हाई सिक्योरिटी मूवमेंट रोज होने की संभावना है।
35 से ज्यादा सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित
सम्मेलन के चलते मथुरा रोड, शांति पथ, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड और तीन मूर्ति मार्ग समेत 35 से ज्यादा सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। नोएडा से सेंट्रल दिल्ली और द्वारका से एयरपोर्ट की ओर आने-जाने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए करीब 4,800 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। दिल्ली मेट्रो सामान्य रूप से चलती रहेगी, जबकि बस, ऑटो और टैक्सी सेवाएं भी जारी रहेंगी। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था के कारण कुछ रूट में अस्थायी बदलाव हो सकते हैं।
परीक्षार्थियों और मरीजों के लिए एडवाइजरी
दिल्ली पुलिस ने UPSC और NDA परीक्षार्थियों के साथ अस्पताल जाने वाले लोगों को घर से समय से पहले निकलने की सलाह दी है। मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में वाहन चालकों को तत्काल ट्रैफिक पुलिस को इसकी जानकारी देने को कहा गया है।
BRICS सम्मेलन के मद्देनजर दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। राजधानी में स्कूलों में भी छुट्टी रखी गई है।
उत्तराखंड से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी सलाह है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देख लें और राजधानी में प्रवेश के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें।