उत्तराखंड: हरीश रावत के पूर्व OSD चंदन सिंह जीना के ठिकाने पर ED की छापेमारी, 32 लाख नकद और 200 ग्राम से अधिक सोना बरामद


देहरादून: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की वर्ष 2016 की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (VPDO) भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने गुरुवार को उत्तराखंड में कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के कार्यकाल में OSD रहे चंदन सिंह जीना के ठिकाने पर भी छापेमारी की गई।


ED की तलाशी के दौरान चंदन सिंह जीना के ठिकाने से करीब 32 लाख रुपये की बेहिसाबी नकदी, 200 ग्राम से अधिक सोना और 12 लग्जरी घड़ियां बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा जीना और उनके परिवार के बैंक खातों में जमा करीब 52 लाख रुपये की राशि को फ्रीज किया गया है।


जांच एजेंसी के अनुसार, बरामद और फ्रीज की गई संपत्तियों की कुल कीमत करीब 1.28 करोड़ रुपये आंकी गई है। ED ने चंदन सिंह जीना का मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में लिया है, जिसे आगे फोरेंसिक जांच के लिए भेजे जाने की बात कही गई है।


2016 की VPDO परीक्षा से जुड़ा है मामला


ED की यह कार्रवाई वर्ष 2016 में आयोजित ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (VPDO) परीक्षा में कथित धांधली से जुड़े मामले की मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत की गई है।


पुलिस की ओर से दर्ज प्राथमिकी और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर ED ने मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू की है। इसी सिलसिले में गुरुवार को उत्तराखंड के विभिन्न स्थानों पर तलाशी ली गई।


जांच के दायरे में UKSSSC के तत्कालीन अध्यक्ष आरबीएस रावत, तत्कालीन सचिव आरएस कन्याल, परीक्षा नियंत्रक आरएस पोखरिया और परीक्षा आयोजित कराने वाली कंपनी से जुड़े लोगों के ठिकाने भी बताए जा रहे हैं।


2014 से 2017 तक हरीश रावत के OSD रहे जीना


चंदन सिंह जीना पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के कार्यकाल के दौरान उनके OSD के रूप में कार्य कर चुके हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वह वर्ष 2014 से 2017 के बीच इस पद पर रहे थे।


ED की कार्रवाई के बाद UKSSSC की पुरानी भर्ती परीक्षा से जुड़ा मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। फिलहाल जांच एजेंसी बरामद नकदी, सोने, बैंक खातों और अन्य संपत्तियों के स्रोत तथा कथित वित्तीय लेनदेन के बीच संबंधों की जांच कर रही है।