चीरबासा के पास मलबा आने से केदारनाथ पैदल मार्ग बंद, गौरीकुंड से यात्रियों की आवाजाही रोकी

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर चीरबासा हेलीपैड के समीप पहाड़ी से मलबा और पत्थर आने के कारण पैदल मार्ग अवरुद्ध हो गया है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए गौरीकुंड से केदारनाथ धाम की ओर जाने वाले यात्रियों की पैदल आवाजाही फिलहाल रोक दी गई है।

प्रशासन ने यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया है। मार्ग पर मलबा और पत्थर हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की टीम मौके पर पहुंचकर मार्ग को सुचारू करने में जुटी है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह राजवार ने बताया कि चीरबासा के समीप मलबा आने के बाद डीडीएमए की टीम लगातार मार्ग से मलबा और पत्थर हटाने का कार्य कर रही है। मार्ग की स्थिति सामान्य होने के बाद ही यात्रियों की आवाजाही दोबारा शुरू की जाएगी।

उन्होंने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें मौके की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। वहीं, जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से संबंधित टीमों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।

प्रशासन के अनुसार, मार्ग पूरी तरह सुरक्षित और सुचारू होने के बाद ही केदारनाथ यात्रा को दोबारा शुरू किया जाएगा। यात्रा शुरू करने के संबंध में प्रशासन की ओर से अलग से सूचना जारी की जाएगी।

यात्रियों से अपील

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मार्ग की स्थिति सामान्य होने तक धैर्य बनाए रखें और सुरक्षा व्यवस्था का पालन करें। बिना प्रशासन की अनुमति के बंद मार्ग पर आगे बढ़ने का प्रयास न करें।