हल्द्वानी से मिशन-2027 का शंखनाद, चुनावी मोड में भाजपा; नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

हल्द्वानी: उत्तराखंड भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी पूरी तरह मिशन-2027 के चुनावी मोड में नजर आई। रामपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में प्रदेशभर से पहुंचे सैकड़ों पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए तैयार रहने का संदेश दिया। बैठक में बूथ और मंडल स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा में राजनीति सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि साधना, त्याग और तपस्या है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार विकास को प्राथमिकता देते हुए काम कर रही है और भाजपा 'राष्ट्र प्रथम' के सिद्धांत के साथ आगे बढ़ रही है।

नितिन नवीन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वंदे मातरम् और तुष्टिकरण की राजनीति को लेकर कांग्रेस बेनकाब हो चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ और मंडल को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि संघर्ष और परिश्रम के बल पर 2027 में भाजपा की हैट्रिक सुनिश्चित करनी है।

विकास कार्यों को घर-घर पहुंचाने पर जोर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि डबल इंजन सरकार में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है। सरकार ने जो वादे किए, उन्हें पूरा करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने चारधाम, ऑलवेदर रोड, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से सरकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि संगठन ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है और 2027 में भाजपा की लगातार तीसरी सरकार बनने जा रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है और अब शुद्धिकरण जैसे मामलों पर राजनीति कर रही है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने भाजपा को कार्यकर्ता आधारित पार्टी बताते हुए कांग्रेस को परिवार आधारित पार्टी बताया।

राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का उत्तराखंड दौरा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा और चुनावी तैयारियों को मजबूती देगा।

कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि भाजपा में दलित सुरक्षित हैं और कांग्रेस शुद्धिकरण के नाम पर वोट की राजनीति कर रही है। वहीं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने दावा किया कि कांग्रेस का सफाया होने वाला है और पूर्व सैनिक आज भी भाजपा के साथ मजबूती से खड़े हैं।

कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे ने कहा कि शिक्षा और युवा शक्ति 2027 के चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली ने कहा कि युवा पूरी तरह भाजपा के साथ हैं और पार्टी के कार्यकर्ता आगामी चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

संगठन पदाधिकारियों और मंत्रियों ने क्या कहा?

सांसद अजय भट्ट ने कहा कि भाजपा में संगठन सर्वोपरि है। बूथ से लेकर शीर्ष स्तर तक मजबूत संगठन के कारण ही पार्टी आज नंबर वन है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं को नई प्रेरणा मिलेगी।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण है और हर कार्यकर्ता 2027 के लिए एक कार्ययोजना लेकर यहां से जाएगा। उन्होंने 2027 में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने का दावा किया।

कैबिनेट मंत्री विजय बहुगुणा ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के देवभूमि आगमन से कार्यकर्ताओं में चुनावी जीत के लिए नया जोश पैदा हुआ है।

राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि चुनाव से पहले आयोजित यह विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति 2027 के चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण है।

कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि भाजपा की कार्यसमिति की बैठक कार्यकर्ताओं को लगातार धार देने का काम करती है और इस बैठक से भी कार्यकर्ताओं में सकारात्मक संदेश गया है।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि आज की कार्यसमिति की बैठक आगामी चुनावों का आगाज है। बैठक में दिए गए दिशा-निर्देशों से स्पष्ट है कि भाजपा 2027 में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतर चुकी है।