HNBGU छात्रसंघ चुनाव परिणाम घोषित, अध्यक्ष बने हिमांशु भंडारी; NSUI के मयंक ने महासचिव पद जीता

श्रीनगर गढ़वाल: हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय (HNBGU) के बिड़ला परिसर में छात्रसंघ चुनाव के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई चुनाव प्रक्रिया के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. एम.सी. सती ने विभिन्न पदों पर विजयी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की।

छात्रसंघ चुनाव में कुल आठ पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया आयोजित की गई थी। अध्यक्ष पद पर जय हो संगठन के हिमांशु भंडारी ने शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भुवन चमोली को 1505 मतों के अंतर से हराया। हिमांशु भंडारी को कुल 3301 मत, जबकि भुवन चमोली को 1796 मत मिले।

उपाध्यक्ष पद पर पुलकित अग्रवाल विजयी

उपाध्यक्ष पद पर छात्रम संगठन के पुलकित अग्रवाल ने जीत हासिल की। उन्हें 2991 मत मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी प्रीति वर्मा को 2046 मत प्राप्त हुए।

महासचिव पद पर NSUI के मयंक की जीत

महासचिव पद पर NSUI के मयंक विजयी रहे। मयंक को 2708 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी पंकज फर्स्वाण को 2375 मत मिले।

सह सचिव पद पर अमन कुनियाल ने मारी बाजी

सह सचिव पद पर अमन कुनियाल ने जीत दर्ज की। उन्हें 1694 मत मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी निशा को 1652 मत प्राप्त हुए। दोनों प्रत्याशियों के बीच मुकाबला बेहद करीबी रहा।

अन्य पदों पर ये प्रत्याशी जीते

विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर आइसा के युवराज ने जीत दर्ज की। वहीं छात्रा प्रतिनिधि पद पर सुनिधि सिंह 2105 मत प्राप्त कर विजयी घोषित हुईं।

इसके अलावा कोषाध्यक्ष पद पर रामरूप गुजर तथा कार्यकारिणी सदस्य के पद पर ऋतुराज, अंकुर यादव, नवनीत कुमार और अभिराज नेगी निर्विरोध निर्वाचित हुए थे।

8776 मतदाताओं में से 5203 ने किया मतदान

बिड़ला परिसर में छात्रसंघ चुनाव के लिए कुल 8776 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 5203 छात्र-छात्राओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव समिति के अनुसार मतदान से लेकर मतगणना तक पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई गई।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. एम.सी. सती ने सभी नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की समस्याओं, हितों और रचनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी छात्र-छात्राओं, अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों का भी आभार व्यक्त किया।

The Uttarakhand Now — जहाँ सच बोलता है पहाड़